गभाना के डॉक्टर का फंदे पर लटका मिला शव, मचा कोहराम
खैर। कस्बा के सोमना बाईपास मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में गभाना के डॉक्टर का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार गभाना के नगला नत्था निवासी 23 वर्षीय डॉ. गौतम कुमार पुत्र शेरसिंह कस्बा में सोमना बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल संचालक थे। सोमवार देर रात्रि में किसी बात को लेकर गौतम ने अस्पताल में ऊपर बने कमरे में फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। मंगलवार सुबह जब अस्पताल कर्मियों ने डाॅ. के शव को फंदे पर लटका देखा तो उनकी चीख निकल पड़ी। जानकारी पर डॉक्टर के परिजन व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा है। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि युवक ने आत्महत्या क्यों की है, परिजन कुछ नहीं बता पा रहे हैं। मामले में जांच की जा रही है।