चंडौस क्षेत्र में तेज़ रफ़्तार बाइक चलाने से टोकने पर युवक पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
चंडौस। थाना क्षेत्र के ग्राम किन्हुआ में तेज़ रफ़्तार बाइक चलाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए युवक के सिर पर ईंट मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम किन्हुआ निवासी मनीष कुमार पुत्र राजेन्द्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार शाम को वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान गाँव का ही सोहिल पुत्र शमसुद्दीन घर के सामने से बहुत तेज़ रफ़्तार में बाइक लेकर निकला। मनीष ने उसे टोकते हुए कहा कि यहाँ छोटे बच्चे बाहर घूमते हैं, इसलिए बाइक धीरे चलाया करो। इस बात पर सोहिल गाली-गलौज करता हुआ अपने घर चला गया। कुछ देर बाद जब मनीष गाँव की एक परचून की दुकान पर सामान लेने जा रहा था, तभी रास्ते में सोहिल और उसके भाई कमाल ने उसे घेर लिया। दोनों ने मनीष के साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर ईंट दे मारी। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर जमा हुए, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहाँ से भाग निकले।
दोनों आरोपियों को भेजा जेल
इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सोमवार को पुलिस ने आरोपी सोहिल और कमाल को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।