भुमियां बाबा मंदिर पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, श्रद्धा-भक्ति से किया बाबा का जलाभिषेक
-पूजा-अर्चना व प्रसाद वितरण कर मांगी मनौतियां, धार्मिक आयोजनों की दिनभर रही धूम
गभाना। कन्होई में रेलवे लाइन के सहारे बने श्री सिद्धनाथ भुमियां बाबा आश्रम पर श्रावण मास के 8 वें व अंतिम सोमवार को भक्तों का अपार जनसैलाब बाबा के जलाभिषेक व उनकी पूजा-अर्चना को उमड़ पड़ा। इसके चलते मंदिर परिसर दिनभर बाबा के जयकारों व घंटे-घड़ियालों से गूंजता रहा।
भोर की पहली किरण से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पर आने का सिलसिला दिन बढ़ने के साथ ही शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर में बाबा की समाधि, प्राचीन कुआं व अन्य मंदिरों में जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की और भोग-प्रसाद चढ़ाकर मनौतियां भी मांगी।
उधर सांस्कृतिक स्थल पर डीजे पर बज रहे भजनों पर भक्तजन झूमते नजर आए। मेले में सजे खेल-कूद तमाशों का भी लोगों ने खूब आनंद उठाया। वहीं रेलवे की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते पुलिसकर्मियों खासी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीएम केबी सिंह ने मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
श्री सिद्धनाथ भुमियां बाबा आश्रम सेवा समिति के संरक्षक रवि कुमार सिंह ने श्रावण मेले के सफल आयोजन के लिए पुलिस-प्रशासन, रेलवे विभाग के आला अधिकारियों,मीडिया कर्मियों व अन्य सहयोगियों के दिए गए सहयोग पर आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि बिना उनके सहयोग के मेले का भव्य आयोजन हो पाना संभव नही था।
इस मौके पर केके सिंह, निरंजन सिंह, गोपाल बाबू, महेंद्र कुमार, ऋषिपाल सिंह, दिलीप शर्मा, नरेश चौधरी, टिंकू सिंह, बंटी सिंह, रोहित ठाकुर आदि का सराहनीय सहयोग रहा।