गभाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर से ढाबा चौकीदार की हुई मौत
गभाना। नेशनल हाईवे पर गांव पला सल्लू स्थित एक ढाबा पर चौकीदार को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
मिली जानकारी के अनुसार पला सल्लू निवासी 58 वर्षीय बीरपाल गांव में ही हाईवे किनारे एक ढाबा पर चौकीदारी करते थे। रविवार देर रात्रि में वह ड्यूटी के दौरान ढाबा पर खड़े होकर संचालक से बात कर रहे थे। तभी अलीगढ़ की तरफ से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जाेरदार टक्कर मार दी। हादसे में बीरपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मौके से भाग गया। हादसे के बाद राहगीर व ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर परिजन व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक छह बच्चों के पिता थे। मामले में मृतक के बेटा अनिल ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।