नगला पदम में शराब को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद, पत्नी का गला दबाकर की हत्या
- पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर भेजा जेल
चंडौस। थाना क्षेत्र के नगला पदम में शराब पीने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी के साथ मारपीट करते हुए उसका गला दबाकर हत्या कर दी। मामले में महिला के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार नगला पदम निवासी उदय प्रताप की वर्ष 2002 में हाथरस के थाना सिकंदराराऊ के गांव धनेशरी निवासी लता के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार उदय प्रताप आए दिन शराब का सेवन करके लता के साथ मारपीट करता था। शनिवार शाम को भी शराब के सेवन को पति-पत्नी में विवाद हो गया। जिस पर उदय प्रताप ने पत्नी लता के साथ मारपीट कर डाली और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद महिला के ससुरालीजन मौके से फरार हो गए। सूचना पर मायका पक्ष के लोग व थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायका पक्ष के लोगों ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व भी आरोपी ने लता लगा दी थी। जिसमें वह बुरी तरह से झुलस गई थी, लेकिन बहन का घर न बिगड़े इसी बात को लेकर कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।
इंस्पेक्टर सीताराम सरोज ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को नगला जैत मार्ग से गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
