डीएम ने ओगर नगला राजू स्थित वृहद गो-संरक्षण का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गभाना। डीएम विशाख जी ने शुक्रवार को ओगर नगला राजू स्थित वृहद गो-संरक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश अधीनस्थों को दिए।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों की संख्या, चारा-पानी आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिसमें सीवीओ डा. दिनेश तौमर ने बताया कि गोशाला में वर्तमान में 732 गोवंश मौजूद हैं। करीब 105 बीघा चारागाह की भूमि में जई व नेपीयर घास उगाई जा रही है, जबकि भूसा भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि गो-संरक्षण केंद्र में दो नए टिनशेड का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे इसकी क्षमता 1000 गोवंशों की हो जाएगी।
डीएम ने चिकित्सा उपचार, टैगिंग के लिए आइसोलेशन वाटिका तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोबर से उत्पाद बनाए जाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने एवं बायोगैस प्लांट से उत्पन्न गैस का समुचित उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना में अधिक से अधिक गोवंश वितरित कर लाभार्थियों को सुपुर्द किया जाए। जिस पर सीवीओ ने बताया कि 63 लाभार्थियों को 138 गोवंश प्रदान किए जा चुके हैं।