नर्सेज डे पर डा. शिवराज त्यागी हुए सम्मानित
अलीगढ़। आरकेआईएमएस बरेली में अंतरराष्ट्रीय नर्सेज डे के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में मंगलायतन विश्वविद्यालय के आईएनपीएस विभाग के प्राचार्य डॉ. शिवराज सिंह त्यागी को मुख्य रूप से आमंत्रित कर विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. शिवराज सिंह त्यागी ने आधुनिक नर्सिंग सेवा की जनक ‘लेडी विद द लैंप’ फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन, उनके संघर्षों और चिकित्सा क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने निस्वार्थ सेवा, अद्वितीय समर्पण और सर्वोच्च मानवता की मिसाल पेश कर नर्सिंग पेशे को दुनिया भर में एक नई गरिमा और पहचान दिलाई। डॉ. त्यागी ने ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में नर्सिंग क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि किसी भी मजबूत स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ वहां का नर्सिंग स्टाफ होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनाओं के अनूठे तालमेल के साथ नर्सिंग क्षेत्र देश के विकास और नागरिकों के स्वास्थ्य सुधार में अपनी अहम और ऐतिहासिक भागीदारी निभाएगा। इस अवसर पर चिकित्सा संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक़ और नर्सिंग छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।