बुग्गी सवार किसान को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
लोधा। क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर आईटीएम कॉलेज के पास बुग्गी में धान का प्याल बेचने जा रहे किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
करसुआ निवासी 36 वर्षीय किसान नरेंद्र सिंह पुत्र डिप्टी सिंह रविवार रात में बुग्गी में धान का प्याल भरकर मंडी बेचने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह अलीगढ़-पलवल मार्ग पर आईटीएम कॉलेज के निकट पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बुग्गी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुग्गी पलट गई जिसके नीचे दबकर किसान व बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पाेस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक किसान तीन बच्चों के पिता थे।