रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गांधी इंटर कॉलेज में हाईटेंशन लाइन के पोल में उतरा करंट, पांच छात्राएं झुलसी

  •  छात्राओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ की जमकर नारेबाजी, अभिभावकों में पनपा रोष
  •  तीन माह पूर्व भी तार टूटने से मैदान में लग चुकी है आग

चंडौस। कस्बा स्थित गांधी इंटर कॉलेज में शनिवार को हाईटेंशन लाइन के पोल में उतरे करंट से पांच छात्राएं झुलस गई। शिक्षकों ने आनन-फानन में छात्राओं को उपचार को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उपचार के बाद डॉक्टरों ने छात्राओं की छुट्टी कर दी है। उधर हादसे के बाद छात्राओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर जमकर नारेबाजी की। मामले को लेकर अभिभावकों में भी रोष व्याप्त है।

मध्यांतर भोजन के समय हुआ हादसा

कॉलेज में दोपहर को मध्यांतर भोजन के समय बच्चे मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान कॉलेज के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन का तार टूटकर पोल पर गिर पड़ा। तभी वहां बैठी नौंवी कक्षा की छात्रा नंदनी ठाकुर पुत्री बबलू, सृष्टि चौहान पुत्री प्रवीण चौहान निवासीगण चंडौस, कक्षा 11 की रितु कुमार पुत्री प्रेमपाल निवासी एलमपुरा, कक्षा दसवीं की छात्रा सलोनी पुत्री ओमवीर सिंह निवासी बहारपुर व शिवानी पुत्री वीरचंद्र पोल से चिपकर झुलस गई। छात्राओं के करंट की चपेट में आने पर स्कूल में हड़कंप मच गया। शिक्षकों ने लाइन को कट कराने के साथ ही आनन-फानन में घायल छात्राओं को कस्बा स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से छात्राओं को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।छात्राओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

घटना के बाद कॉलेज में मौजूद छात्राओं एकत्रित होकर झुलसी अपनी साथी छात्राओं को देखने के लिए अस्पताल के लिए दौड़ पड़ी। छात्राओं में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त हो गया। वह जमकर नारेबाजी करते हुए विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने लगी। वहीं हादसे की जानकारी पाकर छात्राओं के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उनमें भी विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर रोष पनप गया।

तीन माह पूर्व भी तार टूटने से कॉलेज में लग चुकी है आग

कॉलेज के स्टाफकर्मियों ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व भी इसी पोल से हाईटेंशन का तार टूट गया था। जिससे मैदान में आग लग गई थी। स्टाफकर्मियों ने बमुश्किल आग को बुझाया था।

शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई

प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने बताया कि मामले में हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए वह पूर्व में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने अभी तक लाइन को नहीं हटावाया है। आए दिन हाईटेंशन लाइन से चिंगारी निकलती रहती हैं। विद्युत विभाग की लापवाही के चलते यह हादसा हो गया।

डर के साए में छात्र कर रहे पढ़ाई

कॉलेज के शिक्षकों ने बताया कि यहां पर करीब दो हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती है। कॉलेज के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से आए दिन चिंगारी गिरती रहती हैं। जिसके डर से बच्चों को परिसर में खेलने भी नहीं दिया जाता है। शनिवार को बच्चों के खेलने के दौरान हादसा हो गया। गनीमत है कि छात्राओं की हालत खतरे से बाहर हैं, वर्ना और भी बड़ा हादसा हो सकता था।

विज्ञापन

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!