रिकवरी की आड़ में धोखाधड़ी से रुपये हड़पे, बैंक मैनेजर समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज
खैर। थाना क्षेत्र के गांव नगला मुन्नीलाल के किसान ने क्रेडिट कार्ड खाता के रिकबरी के नाम पर धोखाधड़ी से रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए बैंक मैनेजर, रिकवरी ऑफीसर समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव के किसान रामगोपाल पुत्र प्रहलाद सिंह ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसका तथा पत्नी सुमन का खैर की बैंक ऑफ इंडिया में क्रेडिट कार्ड खाता है। घरेलू समस्या के चलते दोनों का खाता खराब हो गया। जिस पर बैंक से उसके पास नोटिस भी आए, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते रुपये जमा नहीं कर सके। 2 नवंबर 2022 को बैंक के रिकवरी ऑफीसर राकेश कुमार निवासी त्रिवेणीगंज, बिल्लौर (कानपुर) बैंक मैनेजर विकास शर्मा व अखिलेश निवासी हजियापुर खैर आदि लोग उसके यहां आए और उससे लोन का रुपया जमा करने का दबाव बनाने लगे। जिस पर उसने असमर्थता जताई, लेकिन वह नहीं माने और तुरंत रुपये जमा करने की कहने लगे। इस दौरान उन्होंने दोनों के खाते का तीन-तीन लाख रुपये में खाता सेटलमेंट की बात तय की। जिस पर उसने ढाई लाख रुपये नगद व करीब साढ़े तीन लाख रुपये की कार रिकवरी ऑफीसर अपने साथ ले गए। लेकिन उक्त लोगों ने रुपयों को दोनों के खाते में जमा नहीं किया। कई बार बैंक मैनेजर से संपर्क किया, लेकिन कोई भी संतोषजनक जबाव नहीं मिला। उक्त लोगों ने रिकवरी के नाम पर धोखाधड़ी करते उससे रुपये हड़पे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला को मारपीट कर किया घायल
खैर। क्षेत्र के गांव भगतगढ़ी में घर के बाहर खड़ी महिला के साथ नामजदों ने मारपीट करते हुए घायल कर दिया।
मामले में भगतगढ़ी निवासी माया देवी पत्नी स्व. रामस्वरूप ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार शाम को वह घर के बाहर खड़ी हुई थी। तभी नन्नू पुत्र पुत्र सोनपाल व उसका बेटा पवन वहां आ गए और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि जब उसने गाली का विरोध किया उक्त लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दवा लेने गई युवती लापता
खैर। थाना क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार को डॉक्टर से दवा लेने गई युवती लापता हो गई।
मामले में युवती के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी की पिछले कई दिनों से तबियत खराब थी। जिस पर शुक्रवार की सुबह वह घर से डॅाक्टर के यहां से दवा लेने जाने की कहकर गई थी। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं पहुंची। जिस पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसको काफी तलाशा लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।