रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना क्षेत्र में 72 घंटे में दूसरी गोकशी की घटना को लेकर रोष,  ग्रामीणों ने हाईवे को तीन घंटे किया जाम

-इंस्पेक्टर गभाना को निलंबित करने व एसएसपी के समझाने के बाद गुस्साएं लोग हुए शांत

गभाना। थाना क्षेत्र के गांव सुमेरपुर व कलुवा मध्य से गुजर रहे पुराने नाले के पास 72 घंटे में दूसरी बार गोकशी की घटना को लेकर हिंदूवादी संगठन के लोगों व ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। गुस्साएं लोग मौके पर मिले गोवंशों के अवशेषों को उठाकर पचपेड़ा मोड़ पर दिल्ली-कानपुर हाईवे पर लेकर पहुंच गए और उन्होंने हाईवे को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। जिससे हाईवे पर दोनों तरफ कई-कई किलोमीटर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। करीब तीन घंटे बाद पहुंचे एसएसपी संजीव सुमन ने इंस्पेक्टर गभाना गजेंद्र सिंह को निलंबित करने, अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कराने तथा गोकशों को जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराते हुए जाम को खुलवा दिया।22 दिसंबर को मिले थे तीन गोवंशों के अवशेष

गांव सुमेरपुर व कलुवा के मध्य से गुजर रहे पुराना नाले (गंदा नाला) में 22 दिसंबर रविवार की दोपहर में खेतों पर काम करने पहुंचे ग्रामीणों तीन गोवंशों के अवशेष पड़े हुए मिले थे। जिसको लेकर हिंदुवादी संगठन के लोग व स्थानीय ग्रामीणों में रोष पनप गया था। मौके पर पहुंची गभाना व जवां थाना पुलिस ने गुस्साएं ग्रामीणों को समझाते बुझाते हुए जल्द ही गोकशों को गिरफ्तार करने का आवश्वासन देते हुए अवशेषों को जेसीबी मशीन से दफनवा दिया था। मामले में हिंदू रक्षा दल के जिला संयोजक भूपेंद्र राजपूत की ओर से अज्ञात गोकशों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।

72 घंटे में उसी स्थान पर गौकशी की घटना को दिया अंजाम

पहली गोकशी की घटना को 72 घंटे भी नहीं गुजरे थे कि गोकशों ने उसी स्थान पर मंगलवार रात्रि में चार गोवंशों की गोकशी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे डाली। बुधवार सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो आस-पास के गांव के ग्रामीण व हिंदुवादी संगठन के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। इस दौरान वह पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की लापरवाही के चलते दूसरी गोकशी की घटना हुई हैं।अवशेषों को लेकर हाईवे पर पहुंचे ग्रामीण

घटना को लेकर ग्रामीणों व हिंदुवादी संगठन के लोगों में आक्रोश पनप गया। वह मौके पर मिले चारों गोवंशों के अवशेषों को दिल्ली-कानपुर हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ पर लेकर पहुंच गए। जहां उन्होंने सड़क की दोनों लाइनों पर अवशेषों को रख दिया और बीच सड़क पर बैठकर जय श्रीराम के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। जैसे-जैसे लोगों को गोकशी की जानकारी हुई, वैसे-वैसे लोगों की संख्या हाईवे पर बढ़ने लगी। जिससे हाईवे पर दिल्ली व अलीगढ़ की तरफ से आने व जाने वाले वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।

थाना क्षेत्र में एक माह में हुई तीन गोकशी की घटना

गुस्साएं ग्रामीणों ने बताया कि एक माह के अंदर थाना क्षेत्र में तीन-तीन गोकशी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि आम आदमी के खेतों पर आने- जाने के दौरान बाइक व वाहनों का चालान कर उत्पीड़न किया जाता हैं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की जाती हैं। बीते 21 नंबवर को पला सल्लू में कोरह रूस्तमपुर मार्ग पर गोकशों ने गाेकशी को अंजाम दिया था। उसके बाद 22 दिसंबर को सुमेरपुर गांव के पास तीन गोवंशों की गोकशी कर डाली। 72 घंटे के अंदर ही गोकशों ने उसी स्थान पर चार गोवंशों की गोकशी कर पुलिस प्रशासन के कार्यशैली की पोल खोल दी है।डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने व थाना स्टाफ को निलंबित कराने की मांग

घटना की जानकारी पाकर एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक, एसडीएम गभाना विनीत कुमार मिश्रा, सीओ गभाना संजीव कुमार तौमर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने गुस्साएं ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने, इंस्पेक्टर गभाना के अलावा कलुवा चौकी, भरतरी चौकी, पैराई चौकी व जवां की अमरौली चौकी के सभी पुलिस कर्मियों के निलंबन की मांग करने लगे। जानकारी पर भाजपा के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, जिला महामंत्री शिवनाराण शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कराने व गोकशों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण हाईवे से टस से मस नहीं हुए।भैंस से भरी दो कैंटरों को किया क्षतिग्रस्त

गोकशी की घटना को लेकर हाईवे पर चल रहे ग्रामीणों के प्रदर्शन के दौरान मौके पर भैंस से भरी दो कैंटर भी जाम में फंस गई। इसी दौरान किसी ने अफवाह फैला दी कि कैंटरों में भैंस को भूसे की तरफ लादकर कट्टीघर के लिए ले जाया जा रहा है। जिस पर मौजूद भीड़ उग्र हो गई और गाड़ियों में तोड़-फोड़ करते हुए शीशा तोड़ डाले। इस दौरान दो गाड़ियों के चालक मौके से भाग छूटे। पुलिस कर्मियों ने हल्का बल का प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दोनों गाड़ियों को मौके से हटवाया।इंस्पेक्टर गभाना को किया निलंबित, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दिया आश्वासन

अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद भी जब ग्रामीणों का गुस्सा शांत न हुआ तो करीब तीन घंटे बाद एसएसपी संजीव सुमन, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार मौके पर पहुंचे। इस दौरान एसएसपी ने ग्रामीणों द्वारा हाईवे को जाम कर देने को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गोकशी की घटना करने वाले आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मामले लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर गभाना गजेंद्र सिंह को निलंबित करने के साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों की जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!