एसडीएम ने वार्ता करके समाप्त कराई भूख हड़ताल
इगलास। तहसील मुख्यालय पर विभिन्न मांगों को लेकर किसान भूख हड़ताल पर बैठे थे। एसडीएम व तहसीलदार ने किसानों की भूख हड़ताल को समाप्त करा दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने बताया कि पंजाब-हरियाणा बार्डर पर बैठे किसानों पर गोले दागने के बजाय कृषि मंत्री वार्ता करके एमएसपी लागू करें, गिरफ्तार किए किसानों को जेल से छोड़कर मुआवजा दिया जाए, वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में 40 फीसद की रियायत दें, अतरौली क्षेत्र में बनने वाली तहसील का मुख्यालय छर्रा में बनाया जाए, साथा चीनी मिल चालू किया जाए, प्रदेश के ग्रामीण अंचल में टूटी सड़क व पुलिया बनाई जाएं, किसानों को खतौनी की नकल निश्शुल्क दी जाएं, विद्युत को प्राइवेट सेक्टर को सौंपने की नीति पर तत्काल रोक लगाई जाए आदि मांगों के साथ ही तहसील कोर्ट में कर्मचारियों की तैनाती करने की मांग को लेकर शुक्रवार से भूख हड़ताल पर बैठे थे। शनिवार को किसानों के साथ एसडीएम शाश्वत त्रिपुरारी व तहसीलदार रामचंद्र सिंह ने वार्ता करके भूख हड़ताल समाप्त करा दी है। भूख हड़ताल पर बैठने वाले कार्यकर्ता गिर्राज स्वामी, हरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, छोटेलाल गुप्ता, सुखवीर सिंह, बच्चू सिंह बधौतिया, मंगलसैन, श्यामवीर सिंह, सत्यवीर सिंह व श्री निवास शर्मा हैं। भाकियू 23 दिसंबर को चौधरी चरण सिंह का जन्मदिन कस्बा के रामलीला मैदान में मनाया जाएगा।