गभाना पुलिस ने सुमेरपुर में गोकशी के मामले में वांछित गोकश को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गभाना। क्षेत्र के गांव पला सल्लू व सुमेरपुर में पिछले दिनों हुई गोकशी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गोकशी करने का सामान भी बरामद किया है। आरोपी ने पिछले दिनों गांव कलुवा में गोशाला के पास मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग भी की थी।
थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि बीती 20 नवंबर की रात में गांव पला सल्लू में तथा गांव सुमेरपुर में 22 दिसंबर व 24 दिसंबर को गोकशों ने गोकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। 30 दिसंबर की रात में कलुवा गोशाला के पास मुठभेड़ में चंडौस के रामपुर-शाहपुर निवासी गोकश सलमान उर्फ सद्दाम उर्फ पड्डा पुत्र अहसान को गिरफ्तार किया था। जबकि कुछ गोकश मौके से फरार हो गए थे। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी से बुलंदशहर के थाना औरंगाबाद के गांव अजीजाबाद निवासी हाजी फैय्याज का नाम प्रकाश में आया था। गुरुवार को पुलिस ने वांछित फैय्याज को बुलंदशहर के रिसार्ट पोथ रोड औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर कलुवा गोशाला के पीछे झाड़ियों से एक गडासा, दो छुरा बरामद हुए हैं। थानाध्यक्ष के अनुसार पकड़ा गया आरोपी काफी शातिर किस्म का है। जिसने पला सल्लू व सुमेरपुर में अन्य साथियों के साथ मिलकर गोकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।