गभाना पुलिस ने छात्रा को भगाकर ले जाने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गभाना। थाना पुलिस ने क्षेत्र के गांव वीरपुरा में पढ़ने आई छात्रा को भगाकर ले जाने के मामले में आरोपी साले व जीजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव के युवक ने पिछले दिनों थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया था कि उसकी 17 वर्षीय बेटी वीरपुरा स्थित एक इंटर कालेज में पढ़ने के लिए आई थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। जिस पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने बेटी को काफी तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका था। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जिसमें वीरपुरा निवासी कौशल का नाम प्रकाश में आया। शुक्रवार को वीरपुरा चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह ने आरोपी कौशल व मदद करने वाले उसके जीजा योगेश निवासी लच्छी थाना चंदपा, हाथरस को सोमना मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें जेल भेज दिया गया है।
युवती को भगा ले गया शादीशुदा युवक
गभाना। कस्बा गभाना के एक मोहल्ला में अपनी बुआ के यहां रह रही एक युवती को शादीशुदा युवक बहला-फुसलाकर ले गया।
अकराबाद क्षेत्र एक गांव के रहने वाले युवक ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 19 वर्षीय बेटी गभाना के एक मोहल्ला में अपने फूफा के यहां रहती थी। 12 दिसंबर की सुबह बाबी पुत्र महेश जो कि पहले से ही शादीशुदा है उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। काफी तलाश करने पर भी उसका कहीं पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी व युवती की तलाश शुरू कर दी है।