गभाना पुलिस ने अंतर्जनपदीय चोरों को भेजा जेल, चोरी का टेंपो व सामान किया बरामद
गभाना। थाना पुलिस ने सोमवार को अंतर्जनपदीय दो चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, टेंपो व नगदी बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपी जनपद के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक चोरियों की घटना को अंजाम दे चुके हैं।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि रविवार काे नगलिया पला सल्लू में एक घर से मोबाइल चोरी कर भाग रहे दो चोरों को ग्रामीणों ने पकड़कर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया था। मामले में नगलिया पला सल्लू निवासी केशव सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह की तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अशोक पुत्र घनश्याम निवासी वेगमगंज थाना संडीला हरदोई व संजीव उर्फ सन्नी पुत्र अशोक जाटव निवासी तिलोठी थाना सासनी हाथरस बताया। आरोपियों ने बताया कि वह नोएडा में रहते हैं और अपने साथी अंकित व अमन निवासीगण सूरजपुर गौतमबुद्धनगर के साथ मिलकर जनपद में रात्रि में घरों में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से सूरजपुर ने पिछले दिनों चोरी किया टेंपो व चार चोरी किए हुए मोबाइल फोन, जबकि निशानदेही पर दो इंनवर्टर, दो बैटरी, दो गैस सिलेंडर तथा 54 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। आरोपियों पर गभाना थाना के अलावा जनपद के विभिन्न थानों में चोरी के 24 मुकदमे व गौतमबुद्धनगर में करीब 11 मुकदमे पंजीकृत हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि भागे हुए दोनो आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।