पला सल्लू पर ट्रेन की चपेट में आकर मजदूर की हुई मौत
गभाना। क्षेत्र के गांव पला सल्लू के पास से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर एक मजदूर की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं घटना के मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना गंगीरी के गांव कुमरूआ निवासी 27 वर्षीय हरीशंकर पुत्र पदम सिंह मजदूरी करता था। मंगलवार को वह गांव पला सल्लू के पास से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन किनारे पोल लगाने का काम कर रहा था।
दोपहर में वह जेसीबी मशीन लाने के लिए रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था। तभी किसी ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद साथी मजदूर व ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर थाना पुलिस व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दो भाई में छोटा था।