ढाबा पर अवैध रूप से बेची जा रही थी शराब, पुलिस ने एक युवक को पकड़ा
गभाना । क्षेत्र के गांव भरतरी स्थित एक ढाबा पर अवैध रूप से शराब बेचते हुए एक युवक को पुलिस व आबकारी टीम ने पकड़ लिया। आरोपी के पास से देसी शराब के ट्रेटा पैक व अंग्रेजी शराब की बोतल में मिलावटी शराब पकड़ी है। पुलिस ने आबकारी इंस्पेक्टर की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शनिवार रात को पुलिस ने आबकारी टीम के साथ भरतरी स्थित बाबा ढ़ाबा पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने एक युवक को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शशीभान निवासी भरतरी बताया। उसके पास से देसी शराब के 16 ट्रेटा पैक, एक अंग्रेजी शराब की बोतल व दो पौब्बा बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह सरकारी शराब के ठेकों देसी शराब लाकर निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर लोगों को बेचता है, जबकि अंग्रेजी शराब की खाली बोतल में देशी शराब भरकर उस पर क्यूआर कोड लगाकर बेच देता है। उन्होंने बताया कि मामले में आबकारी इंस्पेक्टर कौशल कुमार ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम तथा धोखाधड़ी में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि रविवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पकड़ने वाली टीम में ये रहे शामिल
कौशल कुमार आबकारी इंस्पेक्टर, एसआई हरेन्द्र कुमार, मानवेन्द्र सिह आबकारी इंस्पेक्टर प्रवर्तन -1, स्मृति गंगवार अबकारी इंस्पेक्टर प्रवर्तन -1, वंदना सिंह आबकारी इंस्पेक्टर प्रवर्तन -03, प्रधान आवकारी सिपाही अजय कुमार सिह, योगेश कुमार ,दिनेश कुमार, अरूण कुमार शर्मा, महिला आबकारी सिपाही प्रवर्तन -2 सुनीता देवी, कॉस्टेबल आनंद कुमार
————–
पति-पत्नी समेत तीन लोगों के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव रायपुर में घर में घुसकर पति-पत्नी व उनकी बेटी को मारपीट कर घायल कर देने का मामला थाने में दर्ज हुआ है।
रायपुर गांव निवासी हरी प्रताप सिंह ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि गांव के ही सरकारी रास्ते पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। जिसकी शिकायत उसने जनसुनाई पोर्टल पर की थी। शुक्रवार को हल्का लेखपाल उक्त रास्ते की पैमाइश करने के लिए पहुंचे थे। शिकायत को लेकर शाम को गांव के ही गगन, माटू, दीपक, बबलू आदि लाठी-डंडे व तमंचा लेकर घर में घुस आए। उक्त लोगों ने घर में मौजूद पत्नी रश्मि व बेटी देवसुधा के अभद्रता करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर डाली। आराेप है कि बीच-बचाव में जब वह आया तो उक्त लोगों ने उसके साथ भी मारपीट कर डाली। इस दौरान आरोपियों ने उसके सिर में तमंचा की वट से प्रहार कर दिया। जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। प्रभारी निरीक्षक राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
———–
पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपी पकड़े,
-लूट की बाइक व पिस्टल बरामद
अलीगढ़। सासनीगेट थाना पुलिस ने शनिवार रात्रि में चेकिंग के दौरान मथुरा रोड से एक बाइक पर सवार दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। तीनों के कब्जे से लूट की बाइक, पिस्टल बरामद हुई है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में लूट की कई घटनाओं को अंजाम देना कबूला है।
प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल शर्मा ने बताया कि रात्रि में पुलिस टीम मथुरा रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई पड़े। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। जिस पर टीम ने उनका पीछा करते हुए पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपने नाम चेतन उर्फ पिंटू, सतेंद्र उर्फ राजा निवासीगण बाबा कॉलोनी बन्नादेवी, हेमंत शर्मा निवासी नगला माली बताया। जामा तलाशी में उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, चोरी की बाइक व लूट का अन्य सामान बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हेमंत व सत्येंद्र पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दोनों की थाने पर हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। उन्होंने बताया कि पकड़े आरोपियों ने लूट की कई घटनाओं को स्वीकार हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।