रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

महापंचायत : राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से बढ़ी किसानों की मुश्किलें

इगलास के गांव जवार में हुई किसानों की पंचायत
कृष्णा अग्रवाल, बेसवां। इगलास तहसील क्षेत्र की सीमा से होकर बनाए जा रहे मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण से किसानों की परेशानी बढ़ने लगी है। खेतों के मध्य से मार्ग बनने से किसानों के खेत दो हिस्सों में बट गए हैं। इसको लेकर किसानों ने मंगलवार को गांव जवार की बगीची में पंचायत की। पंचायत में गांव जवार, मई, पूरना, नाया आदि के किसानों के साथ भारतीय किसान यूनियन के नेता भी शामिल हुए।

किसानों ने कहा कि गांव के समीप से निकलने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग से कोई लिंग मार्ग नहीं दिया जा रहा है। यहां तक कि खेतों के लिए जाने वाले चकमार्ग भी बंद कर दिए गए हैं। मार्ग के दोनों ओर खेत बटने से कृषि कार्यों में भारी समस्या आएगी। मार्ग को क्रास करते समय आए दिन हादसे होंगे। किसानों ने सरकार से मार्ग के नीचे होकर अंडरपास बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो धरना प्रदर्शन चलता रहेगा। वहीं किसानों ने सर्किल रेट से कम मुआवजा दिए जाने का भी आरोप लगाया है। भाकियू टिकैत गुट के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि हाईवे बनने से रास्ता बंद हो जाएगा, जवार से दाऊजी जाने वाली ब्रज चौरासी परिक्रमा वाले श्रद्धालुओं को लिंक रोड ना होने से परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जवार के रविंद्र कुमार ने कहा कि मेरा 0.2158 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया हैं। मौके पर 0.3200 हेक्टेयर जमीन ली गई है। डीएम को पत्र दिए हैं लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया है। इस मौके पर राधेश्याम सिंह, वीरेंद्र सिंह, मुखवीर सिंह, उदयवीर पहलवान, उमेश सिंह, मोरध्वज सिंह, विनोद कुमार, बच्चू सिंह, सुरेश चंद्र, लोकेश कुमार, रतिराम सिंह आदि थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!