मकान का लेंटर गिरा, एक युवक की मौत
अतरौली। थाना पालीमुकीमपुर के गांव बिजौली में मकान निर्माण के दौरान लेंटर भर भराकर गिर पड़ा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक व मबेशी दबकर घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के मोतीराम जाटव पुत्र गेंदालाल का इन दिनों मकान निर्माण का काम चल रहा है। शनिवार को मकान पर लेंटर डाला गया था। देर शाम को लेंटर डालने के बाद मजदूर अपने-अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच अचानक से लेंटर भर भराकर गिर पड़ा। हादसे में 28 वर्षीय रवि कुमार पुत्र हिम्मत सिंह निवासी नगला कोठी के अलावा एक अन्य मजदूर व मबेशी दब गए। लेंटर गिरते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मचने लगी। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जेसीबी की मदद से मलवा हटवाकर दोनों युवकों को बाहर निकालवाया। जिन्हें उपचार को छर्रा भिजवाया। जहां पर डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।