नवागत डीएम विशाख जी अय्यर ने किया कार्यभार ग्रहण
अलीगढ़। नवागत डीएम विशाख जी अय्यर ने गुरुवार देर शाम कानपुर से जनपद कोषागार पहुंचकर अलीगढ़ डीएम का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने कार्यालय, सभागार, न्यायालय, संयुक्त कार्यालय, एनआईसी समेत पूरे कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान अधीनस्थ प्रशासनिक अफसरों ने उनका बुके देकर स्वागत किया।
डीएम ने सभी अधीनस्थों का अलग- अलग परिचय प्राप्त किया। यहां से कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत नवागत जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय पहुंचकर मंडलायुक्त रविंद्र से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सीडीओ आकांक्षा राना, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राम शंकर, वरिष्ठ कोषाधिकारी योगेश कुमार, कोषाधिकारी प्रिया सिंह आदि मौजूद रहे।