गर्मी के प्रकोप को देखते हुए बदला स्कूलों का खुलने और बंद होने का समय
अलीगढ़। अप्रैल माह में ही गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं इससे स्कूल जाने वाले नौनिहालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर सोमवार को कुछ अभिभावक डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मिले और उन्होंने स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव कराने की मांग की। डीएम के आदेश के बाद जिले के सभी परिषदीय स्कूलों एवं निजी स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में फेरबदल किया गया है। बीएसए सत्येंद्र कुमार ने बताया कि नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालयों का शिक्षण समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षण कार्य में बदलाव किया गया है। दरअसल सोमवार को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह जनता दर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जन सुनवाई कर रहे थे। इसी बीच कुछ अभिभावकों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि गर्मी ज्यादा पड़ने लगी है। इसलिए विद्यालयों के समय में बदलाव करा दें। इस पर डीएम ने तत्काल फोन पर ही बीएसए सतेंद्र कुमार को स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में परिवर्तन करने के निर्देश दिए।