रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

मेहंदी रचे हाथों संग थाने पहुंची दुल्हन, दहेज में एक लाख न मिलने पर दूल्हे पर शादी तोड़ने का आरोप

– सात फेरों के समय बिगड़ी बात

अलीगढ़। हाथों में मेहंदी रचाए दुल्हन बारात लेकर आ रहे अपने पिया की राह निहार रही थी। शादी को लेकर उसने तमाम सपने देखे थे। बारात आई। स्वागत सत्कार के बाद सात फेरों का नंबर आया तो दूल्हे ने दहेज में एक लाख रुपये देने की शर्त रख दी। मंडप में दूल्हे की इस मांग पर दुल्हन पक्ष सकते में आ गया। उन्होंने वर पक्ष को काफी समझाया, लेकिन दूल्हे समेत बारातियों ने उनकी एक न सुनी और अपनी मांग पर अड़ गए। काफी खुशामद के बाद भी दूल्हा पक्ष पर कोई असर न हुआ। आरोप है कि दूल्हे ने दहेज की मांग पूरी ना होने पर शादी करने से साफ मना कर दिया और बारात लेकर बैरंग लौट गया। इस प्रकरण में दुल्हन मेहंदी लगी हाथों के साथ थाने में पहुंच गई और अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए दहेज लोभी दूल्हे समेत अन्य बारातियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

आरोपी दूल्हा

मामला थाना छर्रा क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। छर्रा थाना क्षेत्र के गांव सलगवां निवासी दिनेश ने बताया कि उसकी बहन की शादी अलीगढ़ के खैर रोड स्थित नगला मेहताब निवासी उजागर सिंह के साथ तय हुई थी। 16 अप्रैल को बहन की शादी थी। समय पर दूल्हा बारात लेकर पहुंचा । जहां दूल्हे समेत बारातियों का दुल्हन पक्ष की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। नाश्ता एवं खाने के बाद जयमाला का कार्यक्रम भी संपन्न हो गया। जैसे ही सात फेरे लेने की रस्म आई तभी दूल्हे ने अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये देने की मांग रख दी। दूल्हे ने साफ कह दिया रुपये न मिलने तक न फेरे लेगा और न ही शादी करेगा। दूल्हे की अटपटी मांग को लेकर दुल्हन पक्ष के होश उड़ गए। पहले उन्होंने मजाक समझा । लेकिन जब दूल्हे ने अपनी मांग पूरी न होने तक शादी ना करने की बात कही तो नाराज दूल्हे को मनाने के लिए दुल्हन पक्ष के लोग जुट गए। उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने से अपनी मजबूरी जतायी। काफी प्रयासों के बाद भी दुल्हन पक्ष को सफलता हाथ न लगी। आरोप है कि इसी बीच दूल्हा बारात लेकर वापस चला गया। उधर, बारात की लौट जाने के बाद दुल्हन मीनू सीधे थाने पहुंची और दहेज लोभी दूल्हे उजागर सिंह समेत अन्य बारातियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। छर्रा थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!