मिल्क पाउडर व रिफाइंड तेल से बनाया जा रहा था पनीर
एफएसडीए टीम की छापेमारी के दौरान खुली पोल
अलीगढ। होली के त्योहार पर मिलावटखोर भी जमकर सक्रिय हो चुके हैं वह अपना मुनाफा कमाने के लिए लगातार लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने में जुटे हैं। यह हकीकत सोमवार को एफएसडीए की टीम के छापेमार कार्रवाई के दौरान सामने आई। जहां टीम को स्किम्ड मिल्क पाउडर व रिफाइंड तेल मिलाकर पनीर तैयार होते मिला। फिलहाल टीम ने पनीर, दूध, रिफाइंड तेल, व मिल्क पाउडर, क्रीम के नमूना संग्रहित कर जांच को प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। वहीं वहां मौजूद करीब एक कुंतल मिलावटी पनीर को नष्ट कराने के साथ ही रिफाइंड व स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर दिया है।
जैसे-जैसे होली पर्व का समय नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे खाद्य पदार्थों में मिलावट का साया भी बढ़ता जा रहा है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री श्वेता चक्रवर्ती, डॉ. सूरज कुमार, जवाहरलाल, अनिल कुमार सिंह, त्रिभुवन नारायण के नेतृत्व में एफएसडीए की टीम ने तहसील गभाना क्षेत्र के डेटा खुर्द में प्रदीप कुमार की पनीर निर्माणशाला पर छापेमार कार्रवाई की। जहां पर टीम को स्किम्ड मिल्क पाउडर व रिफाइंड पामोलिन ऑयल मिलाकर पनीर तैयार होते हुए मिला। टीम ने जहां से दूध, पनीर, रिफाइंड तेल व स्किम्ड मिल्क पाउडर, क्रीम के एक-एक कुल पांच नमूना संग्रहित किए।
जबकि 122 टीन रिफायंड पामोलिन ऑयल, 87 बोरे स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज किया गया है। वहां तैयार करीब एक कुंतल मिलावटी पनीर को भी नष्ट कराया दिया। सहायक आयुक्त खाद्य-II सर्वेश कुमार ने बताया कि लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरों के खिलाफ टीम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।