पंजाब नेशनल बैंक के जनरेटर में आग लगने से मची अफरा-तफरी
गभाना। कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक पर सोमवार दोपहर में जनरेटर में आग लग गई। जिससे वहां मौजूद लोगों व दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोगों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। राहत की बात रही कि आग शाखा के अंदर व आस-पास की दुकानों तक नहीं पहुंची, वर्ना कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
कस्बा में जीटी रोड किनारे पंजाब नेशनल बैंक स्थित हैं। बैंक में अन्य दिनों की भांति काम चल रहा था। इसी बीच बैंक के बाहर रखे जनरेटर से अचानक धुंआ उठने लगा। धुंआ उठता देख आस-पास के दुकानदारों व राहगीरों ने सूचना बैंक कर्मियों को दी। बैंक स्टाफ कर्मी भी बाहर आ गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से अग्निशमन यंत्रों से आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन अाग ने बिकराल रूप धारण कर लिया और जनरेटर धूं- धूं कर जलने लगा। जिस पर सूचना गभाना फायर स्टेशन को दे दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग को बुझाया, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते जनरेटर में आग लगी है।