बागेश्वर धाम के पीठाधीर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आएंगे लोधा, तैयारियां अंतिम चरण में
-108 कुंडीय महायज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा की तैयारी अंतिम चरण की ओर
लोधा। खेरेश्वर के पास होने वाले 6 जून से 13 जून तक आयोजित 108 कुंडीय महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम मीडिया प्रभारी आशू पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि खैर रोड स्थित गाँव हरिदासपुर के निकट गल्फ़ार कम्पनी के ग्राउंड में आयोजित श्रीमंद भागवत कथा व 108 कुंडीय महायज्ञ की तैयारी आचार्य भरत तिवारी के सानिध्य में अपने अंतिम चरण की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ जनपद के इतिहास में इस तरीके का भव्य आयोजन पहली बार आयोजित हो रहा है। प्रतिदिन महायज्ञ सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा भागवत कथा दोपहर दो बजे से सायं छह बजे हुआ करेगी। कथा की अमृतवर्षा विश्व विख्यात कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय मुखारविंद से करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विश्वविख्यात हिंदुत्व की ध्वजा का परचम पूरे विश्व में लहराने वाले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री किसी भी दिन अपने दिव्य दर्शन देने के लिए अलीगढ़ की पावन भूमि पर पधारेंगे।
महान संतों की सेवा को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर 5 वाटर प्रूफ़ विश्राम कक्ष बनाए गए हैं। भक्तों की संख्या को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर 4 गेट बनाए गए हैं जिनमें से गेट नं 1 व गेट नं 2 श्रीमद् भागवत कथा पंडाल की ओर लेके जाएंगे तथा गेट नं 3 महायज्ञ की ओर लेके जाएगा। जिससे हमारे महायज्ञ के यजमानों तथा आचार्यों को आने जाने में कोई परेशानी ना हो, जबकि गेट नं 4 जो कि सिर्फ़ (VIP) संतों के लिए ही खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि भागवत पंडाल पूरी तरह वाटर प्रूफ़ बनाया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।