डॉक्टर से हुई दिन दहाड़े लूट के मामले में पुलिस ने 5 बदमाशों को किया गिरफ्तार, लूट के रुपये किए बरामद
खैर। कस्बा में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम को दिन दहाड़े डॉक्टर से हुई चार लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने सभी पांचों बदमाशों को पकड़कर लूट की रकम बरामद कर ली है।
बता दें कि धूमरा निवासी अमर सिंह सोमना रोड़ स्थित होम्योपैथिक अस्पताल में डॉक्टर हैं। वह शुक्रवार शाम को करीब तीन बजे कस्बा स्थित स्टेट बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रहे थे। तभी बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी और चार लाख रुपये से भरे थैला को लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा करते हुए दो बदमाशों की जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया था, जबकि तीसरा लुटेरा रुपयों से भरे थैला को लूटकर फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने देर रात जट्टारी के पास से गिरफ्तार कर लिया था। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम शिवम निवासी लालपुर जनपद आरैया, शिवा गौतम निवासी केसरवल कानपुर देहात व विपिन निवासी गढ़वा कानपुर देहात बताया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में प्रकाश में आए अतुल व बबलू को भी गिरफ्तार कर लिया। पांचों लोगों ने डॉक्टरों से लूट की घटना के अलावा बीती 24 जुलाई को अरनी निवासी राजनलाल का 36 हजार रुपये का थैला पार कर देने की घटना को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लुटेरे काफी शातिर किस्म के हैं, जो कि क्षेत्र में आए दिन लूट व छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
खैर। थाना पुलिस ने पिछले दिनों अहरौला में हुए जानलेवा हमले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
इंस्पेक्टर खैर सुबोध कुमार ने बताया कि पिछले दिनों अहरौला में जमीनी विवाद को लेकर हुई फाररिंग में दो युवक घायल हो गए थे। मामले में वेदवीर सिंह ने गांव के ही जगवीर, ललित, ओमप्रकाश व सुधीर के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी सुधीर पुत्र ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।