अवैध तमंचे व कारतूस के साथ स्कूटी सवार युवक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
चंडौस। पुलिस ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार देर रात उपनिरीक्षक राजवीर सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बिजली घर के पास चीमनपुर मार्ग पर एक संदिग्ध युवक स्कूटी के साथ खड़ा है और उसके हाथ में तमंचा है। वह किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और युवक को भागने का मौका दिए बिना दबोच लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कौशल गिरी निवासी भगतपुर थाना चंडौस बताया। जब पुलिस ने उसकी जामा तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।