चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस ने महिलाओं से की हाथापाई, वीडियो हुआ वायरल
अलीगढ़। थाना हरदुआगंज क्षेत्र में चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस का महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस का आरोप है कि जब पुलिस चोर को पकड़ने के लिए पहुंची तो लोगों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस से हाथपाई कर दी।
चोरी के आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस
पुलिस के अनुसार हरदुआगंज थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में नामजद अारोपी कुलदीप के जलाली स्थित एक घर में छिपा होने की सूचना मिली। सूचना पर देर रात में पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमार की। जैसे ही पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए घर में घुसी तभी वहां मौजूदा महिलाओं ने टीम का विरोध करते हुए धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भागना चाहता था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि मौके पर मौजूद दारोगा ने न सिर्फ महिलाओं के साथ हाथापाई की, बल्कि बिस्तर के ऊपर जूते पहनकर चढ़ गया। वहां पर उनकी छोटी बच्ची सो रही थी। दरोगा का पैर बच्ची की गर्दन पर पड़ने से बचा। पुलिस सारे नियमों को ताक पर रखकर काम कर रही है। उन्होंने घर के लोगों को वीडियो बनाने से भी रोका और मारपीट पर उतारू हो गए थे।
आरोपी से चोरी का माल भी हुआ बरामद
सीओ अतरौली मोहसिन खान ने बताया कि पुलिस चोरी के मामले नामजद आरोपी को पकड़ने गई थी। वहां मौजूद लोग चोर के परिचित थे और उसे बचाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान चोर को पकड़ने की मशक्कत की गई और लोगों ने वीडियो बना ली। पुलिस ने आरोपी को मौके से चोरी के माल समेत गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।