मीट फैक्ट्री के वाहनों से मार्ग हुआ क्षतिग्रस्त, भाकियू भानु गुट ने किया धरना प्रदर्शन
- मामले में हाथरस सांसद का भाकियू के पदाधिकारी को धमकाने का ऑडियो हुआ वायरल
अलीगढ़। रोरावर थाना क्षेत्र में गोड़ा मार्ग से अमरपुर कोढला में मीट फैक्ट्रियों के बाहन से सड़क क्षतिग्रस्त होने से नाराज भाकियू भानू गुट के पदाधिकारियों ने मीट फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। बाद में पदाधिकारियों ने एसीएम द्वितीय व सीओ प्रथम को ज्ञापन देकर व 15 दिन में मार्ग को दुरूस्त कराने के आश्वासन के बाद धरने को समाप्त कर दिया। वहीं मामले में हाथरस सांसद का भाकियू के पदाधिकारी को धमकने का वायरल भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर व व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्रित होकर मीट फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फैक्ट्री के गेट पर धरने पर बैठ गए।
युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर ने कहा कि उक्त मार्ग से फैक्ट्री के सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। फैक्ट्री प्रबंधन केवल फैक्ट्री के सामने ही मार्ग को ठीक करा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 दिन में यदि क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक नहीं कराया गया तो भाकियू उग्र आंदोलन करेगा।
व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने कहा कि उक्त मार्ग से दिन भर फैक्टरी के भारी वाहन गुजरते हैं, मार्ग क्षतिग्रस्त होने के चलते स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से यहां पर बच्चों के साथ हर समय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर एसीएम द्वितीय संजय मिश्रा व सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए। उन्होंने 15 दिन में उक्त मार्ग को दुरूस्त कराने का आवश्वासन दिया। जिस पर पदाधिकारियों ने ज्ञापन देकर धरने को समाप्त कर दिया।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष भगवानदास चौहान, मंडल अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ ठा. बच्चू सिंह, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा लता अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री सुधीर ठाकुर, अमीना बेगम, तहसील अध्यक्ष कोल गवेन्द्रपाल सिंह, तहसील अध्यक्ष कोल महिला मोर्चा पिंकी ठाकुर, पिंटू शर्मा, बलजीत चौधरी, ब्लाक अध्यक्ष लोधा राजकुमार सिंह, वेदप्रकाश शर्मा, दिनेश चंद्र शर्मा, मनोज मित्तल, उदय गोयल, राजू ठाकुर, वीरपाल यादव, प्रेमवीर सिंह, गौरव बघेल, शालू ठाकुर, डॉ. दिग्विजय सिंह, दीपक ठाकुर , बहादुर सिंह, जुगेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
सांसद का कार्यकर्ता को धमकाने का ऑडियो हुआ वायरल
मार्ग को क्षतिग्रस्त खराब होने को लेकर व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने मीट फैक्ट्री के मैनेजर से शिकायत की थी। इसी बात पर सांसद हाथरस राजीवर दिलेर ने कुलदीप ठाकुर को फोन पर धमकाना शुरू कर दिया। जिसकी ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। मामले को लेकर भाकियू के पदाधिकारियों में रोष व्याप्त हो गया। पदाधिकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधि जन समस्या की आवाज उठाने वाले लोगों को धमका रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले को राष्ट्रीय अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह को अवगत कराया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आवश्वासन दिया है कि जल्द ही हाथरस सांसद के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।