करवा चौथ पर कर रही थी पति का इंतजार, मिली मौत की खबर
- दिल्ली से बाइक से लौट रहा था घर, गौंडा रोड पर हुआ हादसा
इगलास। करवा चौथ पर एक महिला अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखकर पति का इंतजार कर रही थी। इसी बीच पति की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। कस्बा में गौंडा रोड पर पथवारी मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव कैमावली निवासी 32 वर्षीय प्रमोद उर्फ चिंटू पुत्र स्व. महेंद्र सिंह दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। बुधवार शाम को वह करवा चौथ के पर्व पर बाइक से दिल्ली से गांव लौट रहे थे। तभी कस्बा में गौंडा रोड पर पथवारी मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। उधर हादसे की खबर पाते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, त्योहारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई।