गोली लगने से घायल दुकानदार की उपचार के दौरान मौत
खैर। अरनी चौराहे पर पिछले दिनों सिगरेट के रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में गोली लगने से घायल हुए दुकानदार की उपचार के दौरान जेएन मेडिकल काॅलेज में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
यह थी पूरी घटना
क्षेत्र के गांव भारेरी निवासी 35 वर्षीय करनपाल पुत्र वीरी सिंह अरनी चाैराहे स्थित शराब ठेका के पास कैंटीन चलाते हैं, जहां पर बीती 4 जनवरी की शाम को बाइक पर आए दो लोगों ने उनसे सिगरेट व नमकीन मांगी। दोनों आरोपी सामान लेकर जाने लगे। जिस पर करनपाल ने उनसे रुपये मांगे थे। जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से तमंचा से फायर कर दिया था। जिसमें छर्रे उनके सिर में लग गए और गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। जहां पर उनका उपचार चल रहा था।
दो नामजदों के खिलाफ कराई रिपोर्ट दर्ज
मामले में कैंटीन संचालक करनपाल के बेटे रोहित ने गौंडा के तालनगर निवासी कुंवरपाल व केशव के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कुंवरपाल पुत्र कल्याण सिंह निवासी तालनगर थाना गौंडा को हमले में प्रयुक्त तमंचा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
हमले में घायल दुकानदार करनपाल का उपचार अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। पिछले दिनों डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सिर में फंसी गोली को भी निकाल दिया था, लेकिन शुक्रवार शाम को दुकानदार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
विज्ञापन

