बेटा की 15 दिन पहले हुई थी मौत, अब पिता की भी हादसे में हुई मौत
- चंडौस-दौरऊ मार्ग पर रामनगर के पास गुरुवार देर शाम हुआ हादसा
चंडौस। दौरऊ मार्ग पर गांव रामनगर के पास गुरुवार देर शाम को किसी वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल साथी का एक निजी अस्पातल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव पहावटी निवासी 42 वर्षीय कृपाल सिंह पुत्र घमंडीलाल राजमिस्त्री का काम करते थे। गुरुवार को वह गांव के ही पवन के साथ क्षेत्र के गांव रामनगर गंगेई पर काम करने गए थे। जहां से देर शाम को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह चंडौस-दौरऊ मार्ग पर गांव रामनगर के समीप पहुंचे तभी पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थाना पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने कृपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
15 दिन पूर्व हादसे में बेटे की हुई मौत
मृतक कृपाल सिंह चार बच्चों के पिता थे। उनका 20 वर्षीय बड़ा बेटा दीपक मजदूरी करता था। विगत 09 नवंबर को दीपक अलीगढ़ से मजदूरी करके गांव के ही राजमिस्त्री होरीलाल के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। तभी गभाना क्षेत्र में हाईवे पर महरावल पुल के पास ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी थी। जिसमें दीपक की मौके पर ही मौत हो गई थी। 15 दिन में एक साथ पिता-पुत्र की मौत के बाद परिवार में हा-हाकार मच गया।
दीपक का फाइल फोटो
शादी की खुशियां मामत में बदली
कृपाल सिंह की भतीजी की 7 दिसंबर को बुलंदशहर के शिकारपुर के केलामन से बरात आनी है। परिजन 15 दिन पूर्व हुए हादसे को भुलाकर शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे, लेकिन जैसे ही परिजनों को हादसे की सूचना मिली, वैसे ही उनकी खुशियां मातम में बदल गई।
विज्ञापन
