रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कानून व्यवस्था को धार देने के लिए एसएसपी का बड़ा कदम, कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल

- दिनेश कुमार सिसौदिया होंगे इगलास कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक

अलीगढ़। जनपद की कानून व्यवस्था को अभेद्य बनाने और जनसुनवाई की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व प्रभावशाली बनाने के उद्​देश्य से एसएसपी नीरज कुमार जादौंन ने रविवार को कई थाना प्रभारियों और निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है।

जिसमें इगलास कोतवाली की कमान अब निरीक्षक दिनेश कुमार सिसोदिया को सौंपी गई है, जिन्हें पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं इगलास पर तैनात प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार को अब अतिरिक्त निरीक्षक के रूप में थाना महुआखेड़ा भेजा गया है। इसके अलावा निरीक्षक सरिता सिंह को थाना महुआखेड़ा से हटाकर साइबर क्राइम थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि निरीक्षक महेश कुमार त्यागी को साइबर क्राइम से हटाकर इसी थाने में नई भूमिका दी गई है। नारकोटिक्स सेल के प्रभारी संजीव कुमार अब थाना खैर के नए प्रभारी निरीक्षक होंगे और थाना छर्रा के प्रभारी उदयभान सिंह को अब नारकोटिक्स सेल की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में पुलिस लाइन से सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय को थाना मडराक व मडराक के प्रभारी संजीव कुमार को कार्यालय पुलिस अधीक्षक नगर से संबद्ध किया गया है। क्वार्सी पर अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को अतरौली थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। अतरौली के थानाध्यक्ष रहे उप-निरीक्षक अंकित सिंह को अब छर्रा थाने की कमान सौंपी गई है। एसएसपी ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण मनोयोग, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि आम जनमानस में सुरक्षा का भाव और अधिक सुदृढ़ हो सके।

error: Content is protected !!