रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

नगौला भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का मंगल आगाज

गभाना। क्षेत्र के गांव नगौला में रविवार से भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित होनी शुरू हो गई है। श्रीमद् भागवत कथा के भव्य शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय कर दिया।

मंगल गीतों और भजनों की गूँज के बीच निकली यात्रा

कलश यात्रा का विधिवत शुभारंभ ग्राम प्रधान राहुल सिंह गुड़िया ने पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान पीतांबरी वस्त्रों में सुसज्जित महिलाएं और युवतियां सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धाभाव से आगे बढ़ रही थीं। डीजे पर बजते मधुर भजनों पर झूमते श्रद्धालुओं और महिलाओं द्वारा गाए जा रहे मंगल गीतों से गांव की गलियाँ गूँज उठीं। गांव भ्रमण के पश्चात यात्रा ने कथा स्थल पर पहुँचकर विश्राम लिया।भागवत साक्षात भगवान का शब्द-स्वरूप

कथा के प्रथम दिन व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कथा व्यास नंद किशोर ने श्रीमद् भागवत महापुराण की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत साक्षात भगवान का शब्द-स्वरूप है। जिस पावन भूमि पर इस कथा का श्रवण होता है, वहां से दरिद्रता और नकारात्मक ऊर्जा का समूल नाश हो जाता है। यह कथा केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का दिव्य मार्ग है।

इनका रहा सहयोग

भक्ति की इस गंगा में डुबकी लगाने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस धार्मिक अनुष्ठान में दिसंबर शर्मा, भूरा शर्मा, लाल शर्मा, चंद्रपाल, अमित शर्मा, राजपाल सिंह, श्याम सिंह, लाल साहब सिंह, डा. नवाब सिंह, लोकेश शर्मा और ओमवीर सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!