जसराम सिंह सरस्वती इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हरित महाकुंभ को 51 थाली- थैला का दिया योगदान
गभाना। प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की ओर चलाए जा रहे थैला-थाली अभियान के तहत शनिवार को सोमना मोड़ स्थित जसराम सिंह सरस्वती इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने रुपये एकत्रित कर 51 थैला-थाली का योगदान दिया। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ को स्वच्छ बनाने का संकल्प भी लिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खैर जिला प्रचारक अनमोल जी ने कहा कि प्रयागराज में 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ के इस महा आयोजन में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इतने लोगों के भोजन आदि से करीब 40 हजार टन प्लास्टिक कचरा निकलने की संभावना हैं। हजारों टन कचरा को महाकुंभ में आने से रोकने के लिए संघ की तरफ से थाली-थैला अभियान की शुरूआत की गई है। स्वयंसेवक हर घर से एक थाली व एक थैला एकत्रित करने में जुटे हैं, जिन्हें श्रद्धालु के लिए पहुंचाया जाएगा। तीर्थयात्रियों से महाकुंभ को कचरा मुक्त बनाए जाने के लिए भी अनुरोध किया जाएगा। प्रधानाचार्य भुवनेश कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महाकुंभ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को एकल प्रयोग प्लास्टिक के उपयोग से रोकना और पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है। इस मौके पर पूजा सिंह, संतोष कुमार, केंद्रपाल सिंह, निशा सिंह, मुनेश कुमार, अवधेश कुमार, भावना चौहान, रेनू सिंह, जितेंद्र कुमार, उमेश कुमार, अनिल कुमार, संजीव शर्मा, निशा जाखड़, गजेंद्र शर्मा, करन कुमार आदि मौजूद रहे।