रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन, 324 अभ्यर्थी हुए चयनित

अलीगढ़। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मॉडल कैरियर सेंटर, राजकीय आईटीआई और अमृता सिंह मैमोरियल डिग्री कॉलेज, तेजपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अमृता सिंह मैमोरियल डिग्री कॉलेज परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया।

मेले का उद्घाटन कॉलेज के सचिव विक्रम सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी डा0 पीपीसी शर्मा ने बताया कि मेले में निजी क्षेत्र की 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी नौकरियों के लिए कुल 394 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 324 अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया गया, जो कि मेले की सफलता का परिचायक है।

रोजगार मेले के दौरान प्रतिभागी अभ्यर्थियों को इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक अजय वर्धन आचार्य एवं सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी राजीव कुमार चौधरी द्वारा कैरियर काउंसलिंग भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें भविष्य की दिशा निर्धारण में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के अंत में डा. पीपीसी शर्मा ने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगी संस्थाओं, कंपनियों एवं उपस्थित युवाओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मेले का औपचारिक समापन किया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!