रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

सड़क पार कर रहे किशोर को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत

अलीगढ़। थाना गांधीपार्क के कंपनीबाग पर सड़क पार कर रहे किशोर को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल किशोर ने उपचार को ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के नगला आशिक निवासी 17 वर्षीय संजय कुमार पुत्र शिवकुमार एक दुकान पर नौकरी करता था। बुधवार की रात्रि में वह दुकान से घर जाने के लिए कंपनीबाग पर सड़क पार कर रहा था। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए।

सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। परिजन गंभीर रूप से घायल संजय को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

अलीगढ़। थाना सासनीगेट के आगरा रोड पर ससुराल से हाथरस जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार हाथरस के मुरसानगेट निवासी 40 वर्षीय महेशचंद्र पुत्र देवीराम हाथरस में ही परचून की दुकान चलाते हैं। बुधवार को वह बाइक से सासनीगेट के सराय हरनारायण स्थित अपनी ससुराल आए थे। जहां रात्रि में वह हाथरस लौट रहे थे। जैसे ही वह आगरा रोड पर पहुंचे तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें महेशचंद्र गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीर मौके पर जुट गए,

सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों को रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक दो बच्चों के पिता थे। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

error: Content is protected !!