रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पुलिस को चकमा देकर आरोपी हुआ फरार, कई घंटे तलाश के बाद दबोचा 

चंडौस। तमंचे के साथ पकड़ा आरोपी अदालत ले जाने के दौरान पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। आरोपी के फरार हो जाने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। कई घंटे तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।

थाना पुलिस ने रविवार शाम को गस्त के दौरान नगला पदम के पास से सिद्धनगर गांव निवासी प्रमोद उर्फ बग्गड़ को अवैध तमंचा के साथ गिरफ्तार किया था। जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को एक पुलिसकर्मी होमगार्ड के साथ उसे बाइक से कोर्ट लेकर जा रहे थे। इसी दौरान गभाना क्षेत्र में पैराई चौकी के पास बाइक में पंचर हो जाने पर उसे टेंपो में अलीगढ़ के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी प्रमोद ने अपने हाथ को हथकड़ी से निकाल लिया। जैसे ही टेंपो पचपेड़ा मोड़ पर सवारियों को उतारने व बिठाने के रूका इसी बीच आरोपी मौका देखकर फरार हाे गया। आरोपी के फरार हो जाने पर पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने कई घंटों की तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि इस दौरान पुलिस इस तरह की घटना को लेकर इंकार करती रही। वहीं लोगों में चर्चा है कि जब पुलिस हिरासत से आरोपी फरार हो रहे हैं तो आखिर आमजन की सुरक्षा कैसे हो सकेगी?

इस संबंध में एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि कोर्ट लाते समय एक आरोपी फरार हो गया था, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में जांच कराई जा रही है, दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!