रामी के नगला में वर्षाें से चला आ रहा था नाली व जलभराव का विवाद, राजस्व टीम ने कराया निस्तारण
चंडौस। क्षेत्र के गांव रामपुर-शाहपुर के माजरा रामी के नगला में वर्षों से नाली व जलभराव को लेकर चले आ रहे विवाद का राजस्व टीम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर निस्तारण करा दिया।
एसडीएम हीरालाल सैनी ने बताया कि गांव में वर्षों से नाली के पानी निकासी व जलभराव को लेकर दो पक्षों में विवाद चला आ रहा था। एक पक्ष नाली के पानी की निकासी पश्चिम दिशा मे तालाब में ले जाने की जिद पर अड़ा हुआ था। जबकि दूसरा पक्ष पूरब दिशा में करबन नदी में पानी की निकासी कराना चाहता था। जबकि नदी की दूरी गांव से करीब 800 मीटर है, जिसमें कई काश्तकारों की जमीन प्रभावित होगी। कई बार दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास भी किया लेकिन दोनों ने अपनी-अपनी जिद पर अड़े हुए थे। गुरुवार को नायब तहसीलदार अजेंद्र तौमर के नेतृत्व में राजस्व टीम ने थाना पुलिस की मौजूदगी में चिन्हांकन कर चकमार्ग से तालाब की तरफ जेसीबी की मदद से नाली खुदवाकर समस्या का समाधान करा दिया। इस दौरान बीडीओ चंडौस राहुल वर्मा, इंस्पेक्टर चंडौस विनोद कुमार, कानूनगो दिनेश, लेखपाल मुकेश चौधरी,बबलू कुमार आदि मौजूद रहे।