मृतक के स्वजन को मिले आर्थिक मदद
इगलास। जम्मू कश्मीर के अखनूर क्षेत्र में 30 मई को खाई में पलटी बस में 22 लोगों की मृत्यु हो गई थी। जिसमें इगलास के गांव नाया के 12 व अन्य जनपद हाथरस के गांव नगला उदय सिंह व मझोला के रहने वाले थे। पूर्व विधायक मुकुल उपाध्याय का कहना है कि मृतकों में ज्यादातर किसान व मजदूर परिवार से थे। कई परिवारों में पालन-पोषण करने वालों की हादसे में मृत्यु हो गई। जिससे स्वजन के जीवन यापन पर संकट गहरा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में मृतकों के स्वजन व घायलों की आर्थिक मदद किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही केंद्र से भी मदद दिलाए जाने का आग्रह किया है।
————-
हादसे में घायल युवक की मृत्यु
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव सहारा कला निवासी किशन पुत्र ओंकार का कहना है कि मंगलवार की रात्रि करीब आठ बजे उसका भाई 30 वर्षीय पवन कुमार सड़क पार कर रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उसके भाई में टक्कर मार दी। हादसे में घायल भाई को कस्बा के लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। गंभीर हालत होने पर बुधवार की रात्रि करीब 11 बजे भाई को उपचार के लिए अलीगढ़ लेकर जा रहे थे। रास्ते में पवन की मृत्यु हो गई। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।
———
14 जून को बाधित रहेगी बिनूपुर क्षेत्र की बिजली
इगलास। विद्युत डिवीजव चतुर्थ के एसडीओ द्वितीय सुनील कुमार ने बताया है कि बिनूपुर सव स्टेशन पर रखे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए नया ट्रांसफार्मर रखा जाना है। ऐसी स्थिति में शुक्रवार को सुबह आठ से शाम छह बजे तक बिजली की सप्लाई बंद रहेगी। एसडीओ ने उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील की है।