हादसे में घायल दूसरे मजदूर ने भी उपचार के दौरान तोड़ा दम
- जामुनका के निकट गुरुवार को हुआ था हादसा
चंडौस। क्षेत्र में जामुनका के निकट गुरुवार को हुए हादसे में घायल दूसरे मजदूर की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कस्बा निवासी वाहिद खां का 28 वर्षीय बेटा जाकिर नल लगाने का काम करता था। गुरुवार को वह कस्बा के अहेरिया मोहल्ला निवासी अर्जुन पुत्र विजय सिंह व अन्य लोगों के साथ नल लगाने के लिए मैक्स में पाइप लेकर खैर की तरफ जा रहे थे। गाड़ी मेंं पीछे अर्जुन व जाकिर बैठे हुए थे। तभी जामुनका के निकट किसी वाहन को बचाने के प्रयास में मैक्स अनियंत्रित हो कर पलट गई थी। हादसे में अर्जुन की पाइपों के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि जाकिर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। जिसको लेकर अर्जुन के परिजनों व ग्रामीणों ने थाना पर पहुंचकर हंगामा करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग थी। शुक्रवार को उपचार के दौरान जाकिर ने भी जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक ने अपने पीछे पत्नी के अलावा नौ माह की बेटी को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।