जिले में आठवां स्थान पाने वाली छात्रा को किया सम्मानित
गभाना। क्षेत्र के गांव रायपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को एक सम्मान समारोह के मध्य हाईस्कूल की परीक्षा में जनपद में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली छात्र दीपा शर्मा को सम्मानित किया गया।
प्रधानाध्यापक अमित कुमार चौहान ने कहा कि दीपा ने प्राथमिक वर्ग इसी विद्यालय से पूरा किया है। यह गर्व की बात है कि दीपा ने स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि दीपा ने गभाना के श्री लक्ष्मीराज इंटर काॅलेज से हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में स्थान प्राप्त किया है। सरकारी स्कूलों से पढ़ाई करने वाले छात्र लगातार अपना नाम रोशन कर रहे हैं।
दीपा के पिता राम कुमार शर्मा ने कहा कि बेटा-बेटी में कभी फर्क नहीं समझना चाहिए। बेटियां भी परिवार का नाम रोशन करने में कहीं भी पीछे नहीं है। उन्होंने मौजूदा अभिभावकों से आह्वान किया कि हमें अपनी सोच को बदलना चाहिए। सरकारी स्कूलों से अधिक योग्य अध्यापक अन्य स्कूलों में नहीं है। शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बच्चों की शिक्षा पर ध्यान जरूर देना चाहिए।
दीपा ने मौजूदा बच्चों को सफलता के मंत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा एक ऐसी पूंजी है, जो जिंदगी भर काम आती है। नियमित स्कूल जाने के साथ ही घर पर भी 4-5 घंटे पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उनकी सफलता के पीछे माता-पिता व स्कूल के शिक्षकों का काफी योगदान है। इस मौके पर एआरपी देवेंद्र सिंह व सत्येंद्र सिंह ने छात्रा को स्मृति चिन्ह व नगद राशि देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नरेश कुमार, मनोरमा शर्मा, लता देवी, रमेश शर्मा, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।