भट्ठा चौकीदार का शव लहुलुहान हालत में मिलने से मचा हड़कंप
– हत्यारों ने हत्या कर शव को भट्टे से कुछ दूरी पर फेंका
-शरीर पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार के निशान
– बरला थाना के गांव दतावली में भट्ठे में करता था चौकीदारी
अलीगढ़। थाना बरला क्षेत्र के गांव दतावली में ईट भट्ठा के चौकीदार की हत्यारों ने हत्या कर शव को भट्ठे से कुछ दूरी पर एक नलकूप के पास फेंक दिया। सोमवार को जब ग्रामीणों को चौकीदार का शव पड़ा दिखाई पड़ा तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं मामले में परिजनों ने किसी भी प्रकार की रंजिश से इंकार किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रात में भट्ठा पर चौकीदारी करने गए थे मृतक
बरला थाना क्षेत्र के गांव नौशा निवासी 70 वर्षीय आरिफ दतावली स्थित एक ईट भट्ठा पर कई सालों से चौकादारी कर रहे थे। रविवार रात में भी हर दिन की तरह घर से भट्ठा पर चौकीदारी करने के लिए गए थे। सोमवार की सुबह ग्रामीणों को भट्ठा से कुछ दूरी स्थित एक नलकूप के पास उनका शव लहुलुहान हालत में पड़ा हुआ मिला। घटना की जानकारी गांव में जंगल में आग की तरह फैल गई। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जानकारी पर परिजन भी मौेके पर पहुंच गए। सूचना पाकर थाना प्रभारी संजीव कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए।
घटना स्थल से मिला खूंन लगा हुआ डंडा
चौकीदार का शव नलकूप के पास पड़ा हुआ था और उसकी गर्दन में चोंट के निशान थे। इसके साथ ही शरीर पर भी कई जगहों पर धारदार हथियार से वार के निशान सामने आए हैं। पुलिस को घटनास्थल के पास से ही खूंन लगा हुआ डंडा भी पड़ा मिला है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश से इंकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
थाना प्रभारी संजीव ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्दी ही हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।