युवकों ने टशनबाजी में की फायरिंग, एक युवक घायल
गौंडा मोड़ तिराहे पर देर रात्रि की घटना, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
इगलास। कस्बा में गौंडा मोड़ तिराहे पर रविवार रात्रि में कुछ युवकों ने एक युवक को घर से बुलाकर उसके ऊपर टशनबाजी में फायिरंग कर डाली। जिसमें युवक गोली लगने से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया। वहीं घटना के बाद आराेपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घर से बुलाया फिर टशनबाजी में चलाई गोली
मिली जानकारी के अनुसार गौंडा रोड के मोहल्ला शिवपुरी-हैदरगंज निवासी मोमिन पुत्र फरीद को रविवार रात्रि में लव उर्फ सुक्का ने फोन करके गौंडा मोड़ पर बात करने के लिए बुलाया था। आरोप है कि जैसे ही वह मोड़ पर पहुंचा तो वहां मौजूद लव व उसके अन्य तीन साथियों ने मोमिन के ऊपर फायरिंग कर डाली। जिसमें मोमिन के एक गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे लग गई, वहीं दूसरे पैर में छर्रा लगे हैं। गोली चलने की आवाज पर तिराहे पर मौजूद लोगाें में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के पिता ने दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
मामले में पीड़ित मोमिन के पिता फरीद खां की ओर से लव उर्फ सुक्का निवासी असावर, अंकित शर्मा उर्फ गौफर निवासी जाटवार समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गय है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीतकृत कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने पीड़ित का हालत को खतरे से बाहर बताया है।