चोरी की बकरियों समेत तीन दबोचे
इगलास। कोतवाली क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से गुरुवार को तीन बकरी चोरों को पकड़ कर लिया। जिनकी जमकर धुनाई करते हुए थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तीनों चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव नौगवां निवासी इमामुद्दीन पुत्र काले खां के घर से बुधवार रात्रि को चोर एक बकरा, एक बकरी व रुपये चोरी कर भाग गए थे। गुरुवार सुबह जब पीड़ित को जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। वह ग्रामीणों के साथ मिलकर बकरियों की तलाश में जुट गए। इसी दौरान डबल नहर पुल के पर पांच लोग चोरी की गई बकरा व बकरी को ले जाते हुए दिखाई पड़े। जिस पर इमामुद्दीन ने ग्रामीणों की मदद से तीन चोरों को पकड़ लिया, जबकि दो चोर मौके का फायदा उठाकर भाग गए। पकड़े गए आरोपिनों ने अपने नाम शिवकुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी नगला अनारकली चौकी भुजपुरा, नीरज पुत्र सुरेश चंद्र व अजय कश्यप पुत्र राधेश्याम निवासीगण गांव नौगवां बताया, जबकि भागे हुए साथियों के नाम अभिषेक पुत्र देवेंद्र निवासी गांव नौगवां व शब्बीर पुत्र जहीर निवासी नगला असकी चौकी भुजपुरा बताया। ग्रामीणों ने पकड़े गए तीनों चोरों की जमकर धुनाई करते हुए थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए चाेरों से चोरी किया गया बकरा, बकरी के अलावा 300 रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि भागे गए चोरों की तलाश की जा रही है।