हाईवे पर दो बाइकों की हुई भिड़ंत, तीन लोग हुए घायल
गभाना। थाना क्षेत्र में हाईवे पर पला सल्लू के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए डाॅक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना हाथरस जंक्शन के गांव बाघराया निवासी निर्मल पुत्र श्यामवीर गांव के ही महेश के साथ बुलंदशहर में किराए का कमरा लेकर पॉलीटेक्निक की पढ़ाई करते हैं। मंगलवार शाम को दोनों दोस्त बाइक से हाथरस से बुलंदशहर के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर गांव पला सल्लू के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंंत हो गई। हादसे में निर्मल व महेश के अलावा दूसरी बाइक सवार देवेंद्र निवासी पला सल्लू घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर महेश की हालत गंभीर देखते हुए डाॅक्टरों ने जेएन मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।