अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, हादसे में किसान की हुई मौत
जट्टारी। कस्बा में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर बिजलीघर के पास अज्ञात वाहन ने किसान के ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में किसान की पहिए के नीचे आकर मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पाेस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मिली जानकारी के अनुसार टप्पल थाना क्षेत्र के गांव हेतलपुर निवासी मोहित पुत्र चंद्रप्रकाश किसान थे। बुधवार को वह खैर स्थित अनाज मंडी में धान बेचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कस्बा में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर बिजलीघर के समीप पहुंचे तभी किसी वाहन ने उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में मोहित ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद के बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने घायल को कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दो बेटी के पिता थे।