बेमौसम हुई बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता
गभाना। तहसील क्षेत्र में शनिवार तड़के से शुरू हुई बेमौसम बारिश ने जहां एक बार फिर से ठंड लौट आने का अभास कराया। वहीं गेहूं, सरसों व आलू की फसल को नुकसान हुआ है। जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से रविवार को भी बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। इससे किसानों की नींद उड़ गई है।
शुक्रवार शाम से ही क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलने लगा, रात्रि में जहां तेज हवाओं व गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने लगी, वहीं शनिवार तड़के फिर से तेज बारिश होने लगी। बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने फिर से लोगों को सर्दी का एहसास दिला दिया। वहीं किसानों के खेतों में पकी खड़ी सरसों की फसल व गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई। वहीं पिछैती आलू की फसल में भी नुकसान की आशंका है। किसानों का कहना है कि जो फसल जमीन पर बिछ गई है, उसका दाना काला होने की संभावना है। इससे इनका उत्पादन तो प्रभावित होगा ही वहीं बाजार में अनाज का मूल्य भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिल पाएगा। रविवार को भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इसको लेकर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई है। उनका कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो फसलों में अधिक नुकसान होना तय है।
वहीं शनिवार को एडीएम वित्त मीनू राणा ने बारिश के चलते फसलों में हुए नुकसान को लेकर एसडीएम हीरालाल सैनी व कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मुआयना किया।