गिरधरपुर में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में महिला ने किसी बात से क्षुब्ध होकर फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के गांव गिरधरपुर निवासी सत्यप्रकाश दिल्ली में नौकरी करते हैं। बुधवार की सुबह वह ड्यूटी के लिए घर से दिल्ली के लिए चले गए। इसी बीच किसी बात को लेकर उनकी 40 वर्षीय पत्नी रेखा देवी ने कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो रेखा देवी को फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल पड़ी। शोर शराब सुनकर आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि महिला ने किसी बात को लेकर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मामले में अभी तक कोई शिकायती प्रार्थना पत्र नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।