ट्रेन की चपेट में आकर युवक की हुई मौत
अलीगढ़। दिल्ली-कानपुर रेलवे लाईन पर बर्ची बहादुर के पास रविवार रात्रि में होटल से खाना लेकर जा रहे युवक की किसी ट्रन की चपेट में आकर मौत हो गई।
हादसे की जानकारी पाकर परिजनों में हा-हाकार मच गया। परिजनों ने बिना कोई कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सराय रेहमान नई आबादी निवासी 32 वर्षीय शारिक पुत्र इखलाख एक फैक्टरी में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार रात्रि में वह सिविल लाइन क्षेत्र के तस्वीर महल के पास होटल से खाना लेकर घर जा रहा था। तभी रेलवे लाईन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने रमजान का पाक महीना चलने को लेकर पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। हादसे के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार शारिक छह भाई बहनों में सबसे बड़ा था और अभी अविवाहित था।